खैरागढ़। जिला पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान एवं ऑपरेशन तलाश के तहत संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाही करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। 1 अप्रैल 2026 से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत अब तक 08 नाबालिग बालक/बालिकाओं एवं 21 गुमशुदा व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पूरे अप्रैल माह चल रहे इस अभियान में केसीजी पुलिस टीम ने छत्तीसगढ़ के साथ-साथ गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में पहुंचकर लगातार खोजबीन की। इस दौरान बिछड़े लोगों को ढूंढकर उनके परिवार तक पहुंचाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। थाना स्तर पर देखें तो खैरागढ़ थाना से 01 बालिका एवं 03 गुमशुदा, छुईखदान थाना से 03 बालिकाएं एवं 08 गुमशुदा, गंडई थाना से 03 बालिकाएं एवं 08 गुमशुदा, साल्हेवारा थाना से 01 बालिका तथा ठेलकाडीह और गातापार थाना से 01-01 गुमशुदा व्यक्ति को सकुशल बरामद किया गया. बिछड़े परिजनों के मिलन से जहां परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं परिजनों के चेहरे पर लौटी मुस्कान इस अभियान की सफलता को बयां कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे अप्रैल माह ऑपरेशन मुस्कान एवं ऑपरेशन तलाश” लगातार जारी रहेगा और गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा।
Loading...


