खैरागढ़। जिला गायत्री परिवार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की वार्षिक बैठक बांके बिहारी मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ गायत्री की पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके पश्चात बैठक की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ की गई। बैठक में बीते वर्ष की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जनकल्याणकारी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष के लिए संगठन के पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में नारी जागरण, युवा उत्थान, विद्यार्थियों को संस्कृति ज्ञान, नशामुक्ति अभियान, गर्भ संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण यज्ञ जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने इन विषयों पर जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता व्यक्त की। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सक्रिय सदस्य डॉ. नरेंद्र सोनी को उनके शोध विषय “आत्महत्या की समस्या का सामाजिक, मनोवैज्ञानिक एवं विधिक अध्ययन” के लिए वरिष्ठ जनों द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें शुभाशीष प्रदान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में जिला समन्वयक प्रभात साहू, सुरेंद्र सिंह, प्रभुराम वर्मा, विश्वकर्मा, टी.डी. वर्मा, कुंभकार, मिथलेश, भेषमनी साहू, शिव डड़सेना सहित महिला मंडल की सशक्त आधार स्तंभ श्रीमती नीलिमा गोस्वामी, डॉ. दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव, डॉ. साधना अग्रवाल एवं युवा मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में डॉ. दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभा का समापन हुआ।
Loading...

