खैरागढ़ । भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में जिले में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों, महिलाओं और समाज को माहवारी से जुड़ी सही जानकारी देकर भ्रांतियों को दूर करना और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना रहा. जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त मुकुल के.पी. साव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला में तारुण्य वार्ता- पीरियड्स पर खुलकर विषय पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया. प्रतिभागियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य देखभाल, सही जानकारी, पैड एवं कपड़े के सुरक्षित उपयोग और उचित निष्पादन के बारे में जानकारी दी गई. कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पीरियड्स केवल लड़कियों का विषय नहीं, बल्कि सम्मान, समझ और सहयोग का विषय है. लड़कों को भी मासिक धर्म की सही जानकारी देने से किशोरियों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता की भावना विकसित होती है. मजाक नहीं, सहयोग करें… झिझक नहीं, जागरूकता फैलाएं… स्कूलों को पीरियड्स फ्रेंडली बनाएं जैसे संदेशों के माध्यम से सामाजिक सोच बदलने का आह्वान किया गया. कार्यक्रम में जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिन्हा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट विशाल ठाकुर, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड शकुन्तला ठाकुर, विकासखंड सचिव सुनील गुनी सहित स्काउटर-गाइडर, शिक्षक-शिक्षिकाएं, रोवर-रेंजर एवं विभिन्न संस्थाओं के प्राचार्य उपस्थित रहे.
Loading...

