खैरागढ़। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन केसीजी के बैनर तले बुधवार को सैकड़ों शिक्षक जिला मुख्यालय पहुंचे और अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। फेडरेशन ने वरिष्ठता सूची में सुधार, उच्च शिक्षा के कार्योत्तर अनुमति प्रमाण पत्र तथा जनगणना ड्यूटी के कर्तव्य प्रमाण पत्र जारी करने सहित तीन प्रमुख मांगों को प्रमुखता से उठाया। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष रामलाल साहू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों की एकजुटता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव ने वरिष्ठता सूची में त्रुटियों का शीघ्र सुधार कर संशोधित सूची जारी करने तथा उच्च शिक्षा संबंधी लंबित कार्योत्तर अनुमति प्रकरणों का जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया। वहीं तहसीलदार ने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर कर्तव्य प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की बात कही।फेडरेशन ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 की संभागीय वरिष्ठता सूची में कई त्रुटियां अब तक बरकरार हैं। साथ ही नियमानुसार अनुमति लेकर उच्च शिक्षा पूरी करने वाले शिक्षकों को कार्योत्तर अनुमति प्रमाण पत्र नहीं मिलने से वेतनवृद्धि और पदोन्नति प्रभावित हो रही है। इसके अलावा ग्रीष्मावकाश के दौरान जनगणना कार्य करने वाले कर्मचारियों को कर्तव्य प्रमाण पत्र भी नहीं मिला है। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोनी, टीकाराम देशमुख, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, संकुल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष रामलाल साहू ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।
Loading...

