डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा - धर्म नगरी डोंगरगढ़ में आयोजित एटास इंडिया छत्तीसगढ़ चैप्टर का 6वां राज्य स्तरीय सम्मेलन सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस गरिमामय सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से स्काउट-गाइड पदाधिकारी, प्रशिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हुए। सम्मेलन की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारत के महामहिम राष्ट्रपति से सम्मानित 25 राष्ट्रपति पुरस्कृत स्काउट-गाइड एक मंच पर उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने अनुभव साझा कर युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनोज अग्रवाल ने मां बम्लेश्वरी देवी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की ऐसी पाठशाला है जो युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का विकास करती है। उन्होंने राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सदस्यों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए युवाओं से स्काउट-गाइड आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। एटास इंडिया छत्तीसगढ़ चैप्टर के प्रदेश अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर राजनांदगांव प्रेम प्रकाश शर्मा ने कहा कि एटास इंडिया देशभर के स्काउट-गाइड परिवार को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है। डोंगरगढ़ में आयोजित यह सम्मेलन अनुभवों के आदान-प्रदान, नई पीढ़ी को प्रेरित करने और समाजसेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्काउट-गाइड फेलोशिप रेलवे के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र कुमार साखरे ने स्वागत भाषण में कहा कि स्काउट-गाइड का मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन और चरित्र निर्माण है। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त साथियों की उपस्थिति पूरे संगठन के लिए गौरव की बात है और उनके अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। सम्मेलन में उपस्थित राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सदस्यों ने बताया कि स्काउट-गाइड ने उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। सम्मेलन के दौरान संगठन को और मजबूत बनाने, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, आपदा राहत और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी प्रतिभागियों ने समाज और राष्ट्रहित में निरंतर सेवा करने का संकल्प लिया।
बम्लेश्वरी मंदिर में किया स्वच्छता अभियान
सम्मेलन के दौरान सभी सदस्यों ने मां बम्लेश्वरी मंदिर परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। मंदिर परिसर और आसपास से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों ने डोंगरगढ़ के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों के दर्शन कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रदेश अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा, राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र कुमार साखरे, डॉ. जितेंद्र कुमार साखरे, महेन्द्र साहू, विजय कुमार सरजारे सहित आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। सम्मेलन में खैरागढ़ से धनुष सिन्हा, दुर्ग से व्ही.वी. शास्त्री एवं श्रीकांत रजक, रायपुर से दिलीप पटेल एवं शिवानी गणवीर, बिलासपुर से निशा साहू, बेमेतरा से भूपेंद्र कुमार, प्रदीप साहू, बोधराज साहू, पिंकी पाटिल, महासमुंद से बिंदु दुचे एवं अर्पणा तिवारी, धमतरी से भीष्म देवांगन, भिलाई से नवीन गौतम, कवर्धा से नितिन पाठक तथा राजनांदगांव सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

