खैरागढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने शुक्रवार को विजिबल पुलिसिंग के तहत खैरागढ़, छुईखदान और गंडई थाना क्षेत्रों में व्यापक कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, आउटर क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली।
पुलिस टीमों ने मुख्य बाजार, सराफा लाइन, बस स्टैंड सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। वहीं शहर के बाहरी इलाकों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की निगरानी की गई।
अभियान के तहत गुंडा, निगरानीशुदा एवं आदतन अपराधियों के घरों में दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने कानून-व्यवस्था भंग करने की स्थिति में कठोर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर होटल, लॉज एवं ढाबों की भी जांच की गई। इस दौरान आगंतुकों के रिकॉर्ड और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन कर संचालकों को निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
यातायात सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच की गई तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से वाहन चलाने के लिए जागरूक भी किया गया।

