खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पिपरिया में 2 फरवरी को बजट 2026-27 को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बिसेसर साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष घम्मन साहू, खम्मन ताम्रकार,आयस सिंह, गिरजा चंद्राकर, उमा चौबे, नीलीमा गोस्वामी, दिनेश वर्मा, शशांक ताम्रकार, गोरेलाल वर्मा, वंदना टांडेकर, कृति वर्मा, नीलम राजपूत सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार का यह तीसरा बजट है, जिसकी थीम इस बार संकल्प रखी गई है। इससे पहले पहला बजट ज्ञान और दूसरा बजट गति की थीम पर आधारित था। उन्होंने बताया कि यह बजट समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय और नीति से परिणाम तक की अवधारणा पर केंद्रित है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़” विजन के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश के विकास को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के लिए पांच मुख्यमंत्री मिशन प्रारंभ किए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन, एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, स्टार्टअप मिशन एवं खेल उत्कर्ष मिशन शामिल हैं। स्कूल शिक्षा के लिए सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत बजट प्रावधान किया गया है। बस्तर के अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो एजुकेशन सिटी स्थापित की जाएंगी। सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था की गई है। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 23 नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना हेतु 250 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपये तथा भूमि विकास बैंक योजना के लिए भी 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।कृषि क्षेत्र के लिए 13,500 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी की अंतर राशि का भुगतान एकमुश्त जारी रहेगा। बस्तर और सरगुजा में खाद्य एवं कृषि आधारित उद्योगों के विकास हेतु 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही बकरी, सूअर और मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष बजट रखा गया है। इंद्रावती नदी पर देवरगांव और मटनार बराज निर्माण के लिए 2000 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे बस्तर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा। बस्तर फाइटर में 1500 नई भर्तियां की जाएंगी। पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे योजना हेतु 10 करोड़ रुपये रखे गए हैं। कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा एवं दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन, जगदलपुर-अंबिकापुर हवाई सेवा विस्तार, मुख्यमंत्री बस सेवा और बस्तर-सरगुजा ओलंपिक्स के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है। भर्ती प्रक्रिया को गति देने के लिए व्यापम की दक्षता बढ़ाने तथा युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना प्रारंभ करने की घोषणा की गई है। लखपति दीदियों के भ्रमण के लिए भी बजट प्रावधान किया गया है। अंत में विधायक श्री चंद्राकर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को इस जनहितैषी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश को समृद्धि और विकास की नई दिशा देगा।
Loading...

