
खैरागढ़। अंकित महोबिया - जिला कार्यालय समाज कल्याण खैरागढ़-छुईखदान-गंडई द्वारा अस्थिबाधित दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। संचालक, समाज कल्याण संचालनालय रायपुर के निर्देशानुसार कोहनी से कलाई के बीच हाथ गंवा चुके चिन्हांकित दिव्यांगजनों की सूची प्रेषित की गई थी। जिले के कुल 5 दिव्यांग हितग्राहियों को इस योजना के तहत लाभान्वित किया गया। इनमें दुलेश्वर देवांगन, राजकुमार वर्मा, भीखम साहू, राजेन्द्र यादव एवं भेषज जंघेल शामिल हैं। इन सभी के एक-एक हाथ कोहनी के पास अथवा नीचे से कटे हुए हैं। समाज कल्याण विभाग के समन्वय से इनाली फाउंडेशन द्वारा 22 फरवरी, रविवार को प्रातः 10:30 बजे होटल ठाकुर पैलेस, रिंग रोड-1, वॉलफोर्ट सिटी के सामने, प्रोफेसर कॉलोनी रायपुर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिन्हांकित दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ लगाए गए। इस पहल से न केवल लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी, बल्कि उनके जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार भी होगा। समाज कल्याण विभाग की यह पहल दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

