खैरागढ़- kailash चतुर्वेदी - नगर पंचायत गंडई के वार्ड क्रमांक 15 नवापारा में मिनी आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग तेज हो गई है। वार्डवासियों ने जल्द ही कलेक्टर खैरागढ़–छुईखदान–गंडई को ज्ञापन सौंपकर केंद्र शुरू करने की मांग करने की बात कही है। बताया जा रहा है कि नवापारा मोहल्ले में अधिकतर परिवार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं। क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रारंभिक व अनौपचारिक शिक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं गर्भवती और धात्री महिलाओं को टीकाकरण व पोषण सेवाओं के लिए दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें परेशानी होती है। वार्डवासियों के अनुसार मोहल्ले में लगभग 15 से 20 बच्चे ऐसे हैं जो आंगनबाड़ी सेवाओं से वंचित हैं। निकटतम केंद्र दूर होने के कारण छोटे बच्चे नियमित रूप से वहां नहीं जा पाते और अधिकांश अभिभावक निजी स्कूलों में पढ़ाने में सक्षम नहीं हैं। इधर सामाजिक कार्यकर्ता रानी राजलक्ष्मी तिवारी राष्ट्रीय अध्यक्ष, महिला विंग नॉर्थ जोन ने नवापारा में बैठक कर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और उनके पहल पर जल्द ही कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने की बात कही। बैठक में नवापारा की कई महिलाएं मौजूद रहीं। वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए वार्ड क्रमांक 15 नवापारा में जल्द मिनी आंगनबाड़ी केंद्र शुरू किया जाए, ताकि बच्चों और महिलाओं को आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके।
Loading...

