खैरागढ़ - खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में आयोजित मानस सम्मेलनों में भाग लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने ग्राम खमतराई, दिलीपपुर और सण्डी (नर्मदा) में आयोजित मानस गान एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। ग्राम खमतराई (खैरागढ़) में आयोजित मानस गान सम्मेलन के दौरान विधायक श्रीमती वर्मा ने रामायण की चौपाइयों के माध्यम से मर्यादा, सत्य और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्राम दिलीपपुर में आयोजित मानस गायन एवं टीका शैली सम्मेलन में शिरकत करते हुए उन्होंने पारंपरिक टीका शैली की कला की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और विरासत ही हमारी वास्तविक पहचान है, जिसे सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। इसी कड़ी में ग्राम सण्डी में आयोजित मानस गान सम्मेलन में पहुंचकर विधायक ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रभु श्रीराम की आराधना की। कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा, “मानस गान केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला आध्यात्मिक पथ है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखते हैं और समाज में भाईचारा एवं सकारात्मकता का संचार करते हैं।” उन्होंने भक्ति मार्ग और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने पर भी बल दिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानस मंडलियों के कलाकार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। आयोजनों में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
Loading...

