राजनांदगांव। सोन कुमार सिन्हा - जिले के प्रभारी सचिव श्री अविनाश चंपावत ने आज पीएम श्री स्कूल डोंगरगढ़ का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की शिक्षण पद्धति, डिजिटल क्लासरूम, लाइब्रेरी, कम्प्यूटर कक्ष एवं भवन की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई और समर कैम्प को लेकर सुझाव लिए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप समर कैम्प की गतिविधियां तैयार की जाएं। साथ ही नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देते हुए ऑनलाइन कोर्स एवं कौशल आधारित शिक्षण पर विशेष जोर दिया। कम्प्यूटर कक्ष के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उन्नत जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। प्रभारी सचिव ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए बेहतर प्रयास करने तथा जिला शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, एसडीएम एम भार्गव एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Loading...

