डोंगरगढ़। धनंजय शिवारे - अंचल की लोकप्रिय समाजसेवी एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना की स्मृति अब जनसेवा के नए अध्याय के रूप में आगे बढ़ेगी। नगर पंचायत लाल बहादुर नगर में आयोजित भवन लोकार्पण एवं माता बहादुरिन कलारिन जयंती समारोह में मुख्य अतिथि विधायक दलेश्वर साहू ने रूपाबाई डडसेना के नाम से एंबुलेंस सेवा शुरू करने की घोषणा की। इस ऐतिहासिक घोषणा से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना अपने जीवनकाल में गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों की सेवा के लिए पहचानी जाती थीं। गांव-गांव जाकर लोगों की मदद करना, बीमार और असहाय लोगों को अस्पताल पहुंचाना और समाजहित में लगातार कार्य करना उनकी पहचान रही। उनके इसी सेवा भाव को सम्मान देते हुए विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि यह एंबुलेंस सेवा उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। विधायक दलेश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना ने समाज सेवा को अपना धर्म माना था। वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनी रहीं। उनके कार्य आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। एंबुलेंस सेवा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी और आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने में बड़ी मदद मिलेगी। नगर पंचायत लाल बहादुर नगर के अध्यक्ष देवेंद्र साहू ने इस पहल को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि रूपाबाई डडसेना ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया। उनके नाम से शुरू होने वाली एंबुलेंस सेवा आने वाले समय में हजारों जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। सिन्हा कलार समाज के जिला उपाध्यक्ष सोन कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना एक जुझारू, संवेदनशील और दूरदर्शी महिला थीं। उन्होंने समाज को संगठित करने और हर जरूरतमंद की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विधायक दलेश्वर साहू के इस निर्णय के लिए समाज की ओर से आभार जताया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती लता सिन्हा, जिला अध्यक्ष शिव डडसेना, मंडलेश्वर उत्तम सिन्हा, पवन सिन्हा, गोवर्धन सिन्हा, जितेंद्र सिन्हा, कृष्णा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह एंबुलेंस सेवा स्वर्गीय रूपाबाई डडसेना की सेवा भावना को हमेशा जीवित रखेगी।
Loading...

