डोंगरगढ़ | सोन कुमार सिन्हा - डोंगरगढ़-खैरागढ़ मुख्य मार्ग एक बार फिर खून से लाल हो गया. अछोली और कलकसा के बीच शुक्रवार को हुए एक जबरदस्त सड़क हादसे में एक और ट्रक दुर्घटना का शिकार हो गया. हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है. घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछोली में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है. लगातार हो रहे हादसों ने खैरागढ़ रोड को अब दुर्घटना जोन में बदल दिया है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. भारी वाहन चालक डीजल बचाने और दूरी कम करने के लिए कवर्धा से डोंगरगढ़ होते हुए महाराष्ट्र की ओर इसी मार्ग का उपयोग कर रहे हैं जिससे सड़क पर दिन-रात भारी वाहनों का दबाव बना रहता है. ग्रामीणों का कहना है कि ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार ट्रकों ने इस सड़क को मौत का रास्ता बना दिया है. अब तक इस मार्ग पर एक दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. सबसे चिंता की बात यह है कि इसी मार्ग पर एक दर्जन से अधिक स्कूल संचालित हैं जहां रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राओं का आना-जाना होता है. लगातार हो रहे हादसों से अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने स्पीड कंट्रोल और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाए अन्यथा आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा.
Loading...

