डोंगरगढ़ |सोन कुमार सिन्हा - शादी की खुशियों के बीच डीजे की धुन पर थिरकती बारात अचानक मातम में बदल गई। ग्राम रामटोला में 26 अप्रैल की रात एक मामूली धक्का-मुक्की ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सांकरा से आई बारात गांव में घूम रही थी। रात करीब 8:15 बजे डीजे पर नाचने के दौरान योनिश सिन्हा और एक नाबालिग के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान अपचारी बालक ने अपने साथी कृपाला वर्मा द्वारा दिए गए चाकू से योनिश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल योनिश सिन्हा को परिजन तत्काल अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे रेमन देवांगन और युवराज यादव भी हमले में घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विधि से संघर्षरत बालक 17 वर्ष निवासी साकरा, कृपाला वर्मा 25 वर्ष निवासी साकरा थाना गातापार जिला केसीजी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 109 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

