खैरागढ़। शिक्षा एवं सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को लेकर खैरागढ़ में 17 मार्च को बड़ा जनआंदोलन देखने को मिलेगा। एससी, एसटी एवं ओबीसी संयुक्त मोर्चा ने यूजीसी समर्थन सहित अन्य लंबित मांगों के समर्थन में व्यापक धरना-प्रदर्शन और रैली निकालने की घोषणा की है। हाल ही में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न समाजों के सैकड़ों प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के अधिकार, समान अवसर और संवैधानिक प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लंबे समय से मांगें लंबित हैं। कई बार ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद ठोस पहल न होने से समाज में असंतोष बढ़ रहा है। मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार 17 मार्च, मंगलवार को रावण भाठा (इतवारी बाजार) में धरना-प्रदर्शन के बाद रैली बक्शी मार्ग, गोलबाजार, राजीव चौक, नया बस स्टैंड एवं अंबेडकर चौक से होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी। वहां प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल, राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेगा। बैठक में अधिकतम जनभागीदारी पर विशेष जोर देते हुए युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के सभी वर्गों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण और संवैधानिक दायरे में होगा तथा उद्देश्य संवाद के माध्यम से न्यायपूर्ण समाधान प्राप्त करना है. संयुक्त मोर्चा के नेताओं का कहना है कि यह किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि शिक्षा और सामाजिक अधिकारों की साझा लड़ाई है जिसे लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
Loading...

