खैरागढ़। विकासखंड खैरागढ़ अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अमलीडीह कला इन दिनों गंभीर शिक्षकीय संकट से जूझ रहा है। दो शिक्षकों के पदोन्नति के बाद विद्यालय अब मात्र एक शिक्षक के सहारे संचालित हो रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका गहराती जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक तेजराम वर्मा का पदोन्नति उपरांत स्थानांतरण छुईखदान ब्लॉक के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बाई कटोरी में किया गया है। वहीं कृष्ण प्रसाद वर्मा को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विक्रमपुर में प्रधान पाठक पद पर पदोन्नति मिली है। दोनों शिक्षकों के कार्यमुक्त होने के बाद विद्यालय में केवल एक शिक्षक शेष रह गए हैं जो सभी कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं।विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक है, ऐसे में एक ही शिक्षक के लिए सभी विषयों और कक्षाओं को संभालना बड़ी चुनौती बन गया है। इससे न केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई की निरंतरता प्रभावित हो रही है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता पर भी प्रश्नचिह्न लगने लगे हैं। ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि पूर्व माध्यमिक स्तर पर बच्चों की शैक्षणिक नींव मजबूत करना अत्यंत आवश्यक होता है। ऐसे में शिक्षकों की कमी बच्चों के भविष्य के साथ समझौता साबित हो सकती है। उन्होंने चिंता जताई है कि यदि शीघ्र ही अतिरिक्त शिक्षक की नियुक्ति नहीं की गई, तो विद्यार्थियों की पढ़ाई पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामवासियों ने जिला शिक्षा विभाग से मांग की है कि अमलीडीह कला विद्यालय में तत्काल अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर स्थिति पर कितनी शीघ्रता से संज्ञान लेता है और ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
Loading...

