खैरागढ़ ।धनंजय शिवारे - जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंडई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 4 भैंसा पड़वा को अवैध परिवहन से मुक्त कराया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत कुल ₹2.88 लाख का मशरूका जप्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जुर्म-जरायम पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पिकअप वाहन में कमजोर मवेशियों को बेरहमी से ठूंसकर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना गंडई पुलिस ने बुढ़ासागर रोड स्थित सुरही नदी पुलिया के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 04 NB 1804 में 4 भैंसा पड़वा रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बंधे मिले। पुलिस ने मौके पर ही पशुओं को मुक्त कराते हुए वाहन को जब्त कर लिया। बरामद भैंसा पड़वा की अनुमानित कीमत ₹38 हजार तथा पिकअप वाहन की कीमत ₹2.50 लाख आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थम्मन लाल बिसेन (48 वर्ष) एवं माखन लाल पवार (58 वर्ष) निवासी ग्राम करोंदा, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना गंडई में अपराध क्रमांक 181/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Loading...

