डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - चैत्र नवरात्रि के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने प्रशासन के समक्ष गंभीर चिंता जताई है। सोमवार को हर्षिता स्वामी बघेल (विधायक) के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एम. भार्गव को ज्ञापन सौंपकर शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि चिचोला से डोंगरगढ़ तथा ग्राम डारा से डोंगरगढ़ मार्ग पर लोक निर्माण विभाग के कार्यों के चलते भारी वाहनों का लगातार आवागमन हो रहा है। वहीं नवरात्रि पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु पैदल मां बमलेश्वरी देवी के दर्शन के लिए इन्हीं मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार भारी वाहनों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। कांग्रेसियों ने यह भी उल्लेख किया कि 18 मार्च 2026 को शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा एसडीओ, लोक निर्माण विभाग को इन मार्गों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण हेतु आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. नवरात्रि अवधि में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक चिचोला-डोंगरगढ़ और ग्राम डारा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर का निर्माण किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा गया है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए और कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस पर एसडीएम एम. भार्गव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

