खैरागढ़ : महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर खैरागढ़ में जागरूकता का सकारात्मक असर देखने को मिला। सिविल अस्पताल खैरागढ़ में 10 किशोरियों ने एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगवाकर स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता दिखाई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि किशोरावस्था में लगाया गया HPV टीका भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने में प्रभावी माना जाता है। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिलेभर में मितानिनों, एएनएम और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर पहुंचकर किशोरियों एवं उनके परिवारों को HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक किशोरियों को इस सुरक्षा कवच से जोड़ना है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पात्र आयु वर्ग की बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं अस्पतालों में ले जाकर HPV टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सुरक्षित, स्वस्थ और कैंसर मुक्त भविष्य मिल सके।
Loading...

