खैरागढ़। महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर दिल्ली में आयोजित महिला कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन में खैरागढ़ जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती आरती रिंकू महोबिया ने सक्रिय भागीदारी की। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए महिला अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। आंदोलन के दौरान श्रीमती महोबिया ने कहा कि संसद तक हमारी आवाज़ न पहुँचे इसके लिए रास्ते रोके जा सकते हैं लेकिन महिला आरक्षण की मांग को कभी दबाया नहीं जा सकता। देश की आधी आबादी अब अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए निर्णायक संघर्ष लड़ने को तैयार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सम्मान की बातें नहीं बल्कि सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी चाहिए। महिला आरक्षण को लेकर सरकार की देरी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और देश की करोड़ों महिलाओं के साथ अन्याय है। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में महिला आरक्षण लागू करो के नारे लगाए और केंद्र सरकार से संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण को शीघ्र लागू करने की मांग की। श्रीमती आरती रिंकू महोबिया ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक दल का नहीं बल्कि देश की हर उस महिला की आवाज़ है जो बराबरी का अधिकार चाहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस का संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक महिलाओं को उनका संवैधानिक और राजनीतिक अधिकार नहीं मिल जाता।
Loading...

