डोंगरगढ़। सोन कुमार सिन्हा - शिक्षा जगत के लिए एक अत्यंत दुःखद खबर सामने आई है। सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एवं शिक्षक समाज के सम्मानित सदस्य भेलसिंह वर्मा जी का एक सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे शिक्षक समुदाय और क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्मा जी सेवानिवृत्ति के बाद विद्यालय स्टाफ के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या राम मंदिर, काशी (बनारस) और प्रयागराज जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन किए। वापसी के दौरान रीवा-सतना मार्ग पर हनुमाना के पास बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। भेलसिंह वर्मा जी छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ में जिला कोषाध्यक्ष के पद पर सक्रिय थे। इसके साथ ही वे कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, डोंगरगढ़ खंड के संयोजक भी थे। निर्वाचन कार्यों के जानकार के रूप में उनकी विशेष पहचान थी और जनगणना सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनका स्वभाव सरल, मिलनसार और सहयोगी था। वे शिक्षकों के बीच एक आदर्श शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उनका अनुभव और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहा है। उनके निधन से शिक्षक समाज ने एक महत्वपूर्ण और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। परिवार में उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं, दोनों विवाहित हैं। लगभग छह वर्ष पूर्व उनकी धर्मपत्नी का भी निधन हो चुका है।भेलसिंह वर्मा जी का यूं असमय चले जाना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
Loading...

