गंडई - मानपुर नाका क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव से दूर खेत में रखे पैरा (भूसे) के ढेर में एक वृद्ध का शव जला हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मानपुर से मुख्य मार्ग से लगे एक खेत में ग्रामीणों ने पैरा के ढेर से आग की लपटें उठती देखीं। जब ग्रामीण पास पहुंचे तो उन्हें पैरा के ढेर में एक व्यक्ति का शव जलता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंड़ई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर मिले चप्पल और डंडे के आधार पर मृतक की पहचान दूर्जनराम वर्मा पिता घसिया वर्मा (उम्र लगभग 95 वर्ष) के रूप में की गई। बताया गया कि शव का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा जल चुका था। शव को पहले गंड़ई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से रविवार सुबह फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव भेजा गया। ग्रामीणों के अनुसार मृतक वृद्ध अपने इसी खेत में अक्सर अकेले रहता था, जो गांव से काफी दूर स्थित है। इसी वजह से घटना के समय किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बीते कुछ वर्षों से वृद्ध की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि पैरा के ढेर में आग कैसे लगी और वृद्ध उसमें कैसे झुलस गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है।
Loading...

