खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 70 वर्षीय बुजुर्ग पर 31 वर्षीय आदिवासी युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोड़ेनवागांव निवासी लाला राम साहू (70 वर्ष), पिता स्व. कांशी राम साहू के खिलाफ पीड़िता की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का प्रलोभन देकर युवती का विश्वास जीता और कई वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती को आरोपी की नीयत का एहसास हुआ और मामला समाज के लोगों तक पहुंचा, तब घटना ने तूल पकड़ लिया. मामले की जानकारी मिलते ही आदिवासी समाज में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा थाना खैरागढ़ पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की. घटना की गंभीरता को देखते हुए खैरागढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार पीड़िता के गर्भवती होने की भी चर्चा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। आदिवासी समाज ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपी को कठोर दंड दिलाने की मांग दोहराई है। घटना के बाद गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा बनी हुई है।
Loading...

