राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - कॉमनवेल्थ प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश, छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव का गौरव बढ़ाने वाली युवा खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव के घर सोमवार को राजनांदगांव के महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव पहुँचे। उन्होंने ज्ञानेश्वरी के माता-पिता दुर्गा यादव और दीपक यादव से मुलाकात कर बेटी की ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि ज्ञानेश्वरी की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर ज्ञानेश्वरी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा ऊंचा किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वह देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचेंगी। परिवार से आत्मीय चर्चा के दौरान महापौर ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी समाज और जनप्रतिनिधियों की भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञानेश्वरी के खेल जीवन में हर जरूरत पर वे सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देते रहेंगे।इस दौरान ज्ञानेश्वरी के माता-पिता भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि मधुसूदन यादव ने हमेशा परिवार के अभिभावक की तरह साथ दिया है और कठिन समय में उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह मार्गदर्शन और सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। महापौर ने वीडियो कॉल के माध्यम से ज्ञानेश्वरी यादव से भी बातचीत की। उन्होंने रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता आगे की बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत है और अब लक्ष्य देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना होना चाहिए। उन्होंने निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास बनाए रखने की शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर महापौर ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भी वीडियो कॉल पर ज्ञानेश्वरी के माता-पिता की बात कराई। डॉ. रमन सिंह ने ज्ञानेश्वरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएँ दीं। उल्लेखनीय है कि ज्ञानेश्वरी यादव पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित खेल सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं। कॉमनवेल्थ में रजत पदक जीतकर उन्होंने प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है। इस अवसर पर भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित भाटिया, प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री मोनू बहादुर, पार्षद सेवक उईके, डूरेण साहू, जिला खेल संघ अध्यक्ष विवेक मोनू भंडारी, युवा मोर्चा महामंत्री ऋभय रीत यादव, मोहम्मद अयाज, निखिल सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने ज्ञानेश्वरी यादव और उनके परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए भविष्य में स्वर्ण पदक जीतने की कामना की।
Loading...

