
राजनांदगांव - सोन कुमार सिन्हा - जिले के डोंगरगढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रामाटोला में रविवार देर रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस घटना में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल बताया जा रहा है। मृतक की पहचान रामाटोला निवासी योमिश सिन्हा 20 वर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व ग्राम सांखरा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मृतक का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रामाटोला में चल रहे एक अन्य शादी समारोह में उसे घेर लिया। बताया जा रहा है कि पहले आरोपियों ने योमिश के साथ मारपीट की और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। वहीं आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

