खैरागढ़। जिले के ग्राम बरबसपुर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है जहां 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है. मामला गातापार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरबसपुर निवासी युवती ने अपने ही घर में पंखे से फांसी लगा ली. बताया जा रहा है कि युवती ने 12वीं तक पढ़ाई की थी जिसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रोजी-मजदूरी का काम करती थी. परिवार के सदस्य भी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं. घटना के वक्त युवती के माता-पिता रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने गए हुए थे. काम से लौटने पर पिता ने बेटी को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा. परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर पानी पिलाए उस दौरान युवती में हलचल होने की बात कही जा रही है. इसके बाद आनन-फानन में निजी वाहन से उसे सिविल अस्पताल खैरागढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फिलहाल गातापार थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Loading...

