खैरागढ़ - सुशासन तिहार-2026 के तहत जिले के ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 03 जून को जनपद पंचायत छुईखदान के ग्राम गोपालपुर में विशाल जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण शिविर में प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन स्वयं उपस्थित रहकर आम जनता से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे। शिविर का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक पंचायत भवन के पास किया जाएगा। गोपालपुर क्लस्टर की 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण इस शिविर में अपनी मांगें, शिकायतें और विकास से जुड़े मुद्दे संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। प्रशासन के अनुसार शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ लंबित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। शासन की मंशा है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर त्वरित राहत मिल सके। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Loading...

