खैरागढ़। जिले के थाना खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम देवरी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां नशे की लत से जूझ रहे एक 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देवरी निवासी वेद प्रकाश वर्मा पिता रामसाय वर्मा उम्र 23 वर्ष बीते 14 मई की रात से घर से लापता था. परिजनों को लगा कि वह कहीं बाहर गया होगा लेकिन अगले दिन 15 मई की शाम उसकी मां ने पुराने जर्जर मकान में उसका शव फांसी पर लटका देखा. यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. बताया जा रहा है कि युवक ने अपनी ही मां की साड़ी का फंदा बनाकर पुराने टूटे-फूटे मकान की कड़ी में फांसी लगा ली थी. सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. ग्रामीणों के अनुसार वेद प्रकाश लंबे समय से शराब और गांजा जैसे नशे का आदी था. रोजी-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाला यह युवक धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में ऐसा फंसा कि आखिरकार उसने मौत को गले लगा लिया. घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते नशे के दुष्परिणामों को उजागर कर दिया है. गांव के लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक युवा नशे की दलदल में फंसकर अपनी जिंदगी बर्बाद करते रहेंगे. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
Loading...

