खैरागढ़। जिले में सर्पदंश से हुई एक मासूम की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन ने प्रभावित परिवार को राहत प्रदान करते हुए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है. कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चंद्रवाल ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रावधानों के तहत यह सहायता मंजूर की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील खैरागढ़ के ग्राम दामरी निवासी 6 वर्षीय दीपेश बंजारे की जहरीले सर्प के काटने से मृत्यु हो गई थी. घटना के बाद नियमानुसार प्रकरण का परीक्षण कर मृतक के निकटतम वारिस अजय दास बंजारे के नाम 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है. कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार को निर्देशित किया है कि स्वीकृत राशि का शीघ्र आहरण कर पीड़ित परिवार को भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें तत्काल आर्थिक राहत मिल सके. प्राकृतिक आपदाओं एवं आकस्मिक घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा आरबीसी 6-4 के तहत सहायता प्रदान की जाती है, जिससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सके.
Loading...

