खैरागढ़। जालबांधा थाना क्षेत्र के करमतरा चौक पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय तिहारु साहू की मौत हो गई। रोजमर्रा का काम निपटाकर घर लौट रहे तिहारु साहू को यह अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। जानकारी के अनुसार ग्राम करमतरा निवासी तिहारु साहू जालबांधा से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे करमतरा चौक के पास पहुंचे पीछे से आ रहे गांव के ही एक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तिहारु साहू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पूरे करमतरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही तत्काल जालबांधा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची मौका मुआयना कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों और संबंधित वाहन चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
Loading...

