डोंगरगांव - सोन कुमार सिन्हा - राजनांदगांव पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डोंगरगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खुद को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताकर वसूली करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी रामसिंह राजपूत ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करते हैं। ग्राम आमगांव स्थित किसान यशवंत साहू के खेत में जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से खेत मरम्मत एवं मिट्टी समतलीकरण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2:58 बजे स्विफ्ट कार क्रमांक CG 04 PN 1413 में सवार तीन लोग मौके पर पहुंचे। तीनों ने स्वयं को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताते हुए अवैध खनन का आरोप लगाया और कार्रवाई एवं बदनाम करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण प्रार्थी ने आरोपियों द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन माध्यम से 6 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही डोंगरगांव पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और कुमरदा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट वाहन सहित तीनों संदिग्धों रवि शर्मा, रेहाना बेगम और शेख अरमान को गिरफ्तार कर लिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक पुष्पराज साहू, सउनि अनिल यादव, आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी, बीसराम वर्मा, महिला आरक्षक अभिलाषा सिंह एवं राजकुमारी रत्नाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Loading...

