खैरागढ़। वार्ड क्रमांक-1 स्थित सतगुरु कबीर आश्रम, पिपरिया में 21 जून (रविवार) को संत शिरोमणि सतगुरु कबीर साहेब की 628वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में मनाई जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्र के संत-महात्माओं एवं गुरुजनों की उपस्थिति में सत्संग, कबीर वाणी का प्रवचन तथा अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सतगुरु कबीर साहेब के सत्य, प्रेम, समानता, मानवता और चेतना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। कबीर साहेब ने आत्मकल्याण, मुक्ति, निष्काम जीवन तथा विषय-वासनाओं के त्याग का मार्ग बताया है। उनके अनुसार सच्ची भक्ति बाहरी आडंबरों में नहीं, बल्कि प्रेम, सत्य और आत्मचिंतन में निहित है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कबीर साहेब के मूल एवं निष्पक्ष विचारों को समझने के लिए बीजक, साखी और अन्य प्रामाणिक कबीर ग्रंथों का अध्ययन करने तथा पारखी संतों के सत्संग का लाभ लेने का आग्रह किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कबीरपंथी समाज सहित सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से शामिल होकर संत कबीर के विचारों को आत्मसात करने की अपील की गई है।
Loading...

