खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। सोशल मीडिया पर बच्चों से जुड़े अश्लील वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ केसीजी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना गातापार पुलिस ने इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साइबर एनसीआरबी नई दिल्ली से प्राप्त टिप लाइन सूचना के आधार पर मामले की जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम लछना निवासी अश्वन धुर्वे (26 वर्ष) अपने इंस्टाग्राम आईडी से बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड कर रहा था। मामले की पुष्टि होने पर थाना गातापार में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 67(B) आईटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 25 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की जानकारी उसके परिजनों को भी दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील और बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट अपलोड करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना गातापार पुलिस एवं जिला केसीजी साइबर टीम की अहम भूमिका रही।
Loading...

