खैरागढ़ : खुशियों के गीतों से गूंजने वाली बारात की रात, अचानक चीखों और अफरा-तफरी में बदल गई। जहां रिश्तों के जुड़ने का जश्न होना था, वहीं नफरत और आवेश ने खून की धार बहा दी। कुछ पल पहले तक ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते कदम, देखते ही देखते हिंसा की आग में झुलस गए। यह घटना सिर्फ चार लोगों के घायल होने की खबर नहीं, बल्कि उस सामाजिक विडंबना की तस्वीर है, जहां छोटी-सी तकरार भी इंसानियत को पीछे छोड़ देती है। ऐसी घटनाएं सवाल खड़े करती हैं—क्या हमारी संवेदनाएं इतनी कमजोर हो चुकी हैं कि जश्न के मौके भी सुरक्षित नहीं रह गए? विकासखंड के ग्राम मुढ़ीपार में मंगलवार रात ढारा गांव से आई बारात के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर चाकूबाजी हो गई। इस खूनी झड़प में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक को राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है जबकि शेष तीन का मुढ़ीपार स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है। मामला गातापार थाना क्षेत्र का है और घटना का कारण अज्ञात बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार ढारा गांव से मुढ़ीपार में बारात आई थी जहां विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूओं का इस्तेमाल हो गया। घायलों में राधेलाल वर्मा उम्र 24 वर्ष ढारा कमलेश ढारा गुलशन मुढ़ीपार और पूनम मुढ़ीपार शामिल हैं। जानकारी अनुसार बाराती और स्थानीय लोगों के बीच छोटे-मोटे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भेजा और घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Loading...


