राजनांदगांव।सोन कुमार सिन्हा - जिले में एक बड़ी आपराधिक वारदात को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। पद्मश्री से सम्मानित समाजसेवी श्रीमती फुलबासन देवी यादव के अपहरण की कोशिश को राजनांदगांव पुलिस ने अपनी सजगता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से नाकाम करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की अभूतपूर्व सफलता माना जा रहा है। पूरे मामले की जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई। घटना 5 मई 2026 की सुबह लगभग 11 बजे की है, जब गठुला रोड क्षेत्र में ट्रैफिक निरीक्षक नवरत्न कश्यप, आरक्षक कपिल श्रीवास्तव, सुखदेव साहू एवं टीम द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध प्रतीत होने पर स्कॉर्पियो वाहन (CG08/Z/2334) को रोका गया। वाहन की जांच के दौरान पीछे बैठी महिला की स्थिति असामान्य लगी। पूछताछ में वाहन सवार व्यक्तियों ने महिला को मिर्गी का मरीज बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम की सतर्कता ने स्थिति की गंभीरता को भांप लिया। जांच के दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए पुलिस को इशारा कर मदद मांगी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल सभी आरोपियों को वाहन से उतारकर कड़ाई से पूछताछ की। महिला की पहचान पद्मश्री सम्मानित श्रीमती फुलबासन देवी यादव, निवासी ग्राम सुकुलदैहान के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उन्हें बहला-फुसलाकर वाहन में बैठाया और जबरन ले जा रहे थे। विरोध करने पर मिर्च स्प्रे दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मोबाइल फोन और मिर्ची स्प्रे जब्त किया। आरोपी खुशबू साहू और दिनेश बंजारे सहित सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद फुलबासन देवी को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
Loading...

