राजनांदगांव - सोन कुमार सिन्हा - जिले के छुरिया थाना अंतर्गत पुलिस चौकी चिचोला क्षेत्र के ग्राम पिनकापार में पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि खून के रिश्ते ही एक-दूसरे के खिलाफ खड़े हो गए। धान के हिस्से के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और जानलेवा हमले में बदल गया। प्रार्थी टिकम साहू (42 वर्ष), पिता गोवर्धन साहू, निवासी पिनकापार ने पुलिस चौकी चिचोला में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 25 फरवरी को वह अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान उसके चाचा विवेकी दास, राजेश साहू और मिथलेश साहू उसके पिता गोवर्धन साहू के कमरे में पहुंचे और धान के हिस्से की रकम को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि बहस जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई और तीनों आरोपियों ने मिलकर वृद्ध गोवर्धन साहू को कमरे से बाहर खींच लिया। हाथ में डंडा लेकर उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे टिकम साहू को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान हेमिन साहू भी मौके पर पहुंची और कथित रूप से अभद्र गाली-गलौज करने लगी। मारपीट में वृद्ध गोवर्धन साहू के चेहरे और दोनों आंखों के पास गंभीर चोटें आई हैं। एक पिता, जिसने जीवनभर परिवार को जोड़े रखने की कोशिश की, उसी परिवार के विवाद में लहूलुहान हो गया — यह दृश्य गांव वालों को भी भीतर तक झकझोर गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केसरीनंदन नायक के निर्देशन में चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई की। कुछ ही घंटों में आरोपियों विवेकी दास (48 वर्ष), मिथलेश साहू (26 वर्ष), राजेश साहू (35 वर्ष) एवं हेमिन साहू (45 वर्ष), सभी निवासी ग्राम पिनकापार को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक योगेश पटेल, सउनि मो. शरीफुद्दीन शेख, सउनि बिरेन्द्र नाविक, मप्रआर 846 चंद्रकली कंवर, आरक्षक 171 गजेन्द्र भारद्वाज, आरक्षक 1687 विष्णु राम साहू एवं आरक्षक 1843 कमलेश बंजारे की सराहनीय भूमिका रही।


