खैरागढ़-छुईखदान।गंगाराम पटेल - शनिवार को छुईखदान क्षेत्र में उस समय खुशी की किलकारी गूंज उठी, जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान से मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर की गई गर्भवती महिला ने 108 एंबुलेंस में ही स्वस्थ बेटे को जन्म दे दिया। एंबुलेंस में तैनात टीम की तत्परता, सूझबूझ और समय पर किए गए प्रयासों से प्रसव सुरक्षित रूप से कराया गया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों स्वस्थ बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार छुईखदान निवासी शालिनी, पति आकाश यादव को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में भर्ती कराया गया था। महिला की स्थिति को देखते हुए चिकित्सक डॉ. एम. हसन ने बेहतर उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया। महिला को शनिवार सुबह करीब 11:40 बजे 108 एंबुलेंस से राजनांदगांव रवाना किया गया। एंबुलेंस राजनांदगांव की ओर बढ़ रही थी, तभी करीब दोपहर 1:30 बजे रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। मेडिकल कॉलेज पहुंचने में महज करीब 15 मिनट का समय शेष था, लेकिन स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रोककर तत्काल प्रसव की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान 108 एंबुलेंस की डीएम कीर्ति कौशिक, ईएमटी चंद्रकला जांगड़े और पायलट खुमान चंदेल ने पूरी तत्परता और सूझबूझ का परिचय दिया। टीम के प्रयासों से एंबुलेंस में ही महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया और उसने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात को सुरक्षित रूप से मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव पहुंचाया गया, जहां दोनों की स्थिति स्वस्थ बताई गई। इस पूरे घटनाक्रम में 108 एंबुलेंस टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की महत्वपूर्ण भूमिका को सामने रखा।
Loading...

