खैरागढ़- जिले में पशु क्रूरता और अवैध गौ तस्करी के खिलाफ गातापार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित 5 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो बोलेरो पिकअप वाहनों से 11 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गातापार स्टाफ थाना के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खैरागढ़ की ओर से आ रही दो सफेद रंग की पिकअप वाहनों में मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर महाराष्ट्र कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका। तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 07 CT 8649 एवं CG 04 MQ 0907 से 05 भैंसी, 04 पड़िया और 02 पड़वा सहित कुल 11 मवेशी बरामद किए। मवेशियों को बिना चारा-पानी, गले में रस्सी बांधकर और अत्यधिक भीड़ में ठूसकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई में पुलिस ने नरेन्द्र यादव 25 निवासी दुर्ग, मोहम्मद इंतजार 35 निवासी भिलाई, राज अंसारी 20 निवासी जामुल, राज राजपूत 21 निवासी बेमेतरा सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहम्मद इंतजार ने मवेशियों की खरीद-फरोख्त कर महाराष्ट्र ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15.36 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है जिसमें 11 मवेशी, 2 बोलेरो पिकअप वाहन, 4 मोबाइल फोन शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
Loading...

