
डोंगरगढ़ -सोन कुमार सिन्हा - खैरागढ़ मुख्य मार्ग पर अछोली क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी हाइवा वाहन से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बीजू पटेल 25 वर्ष) निवासी नागतराई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीजू पटेल शादी समारोह में बारातियों को छोड़ने के बाद कलकसा की ओर चाय पीने गया था। वापस लौटते समय अछोली के पास तेज रफ्तार के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग दहल उठे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही डोंगरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की वजह से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरा मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है।

