खैरागढ़। जिले के सेवा सहकारी समिति ढोकराभाठा में किसानों के नाम पर बिना अनुमति खाद जारी करने का गंभीर मामला सामने आया है। प्रभावित किसानों ने कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उनके नाम पर फर्जी तरीके से खाद उठाव दिखाकर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक का कर्ज चढ़ा दिया गया है। किसानों का कहना है कि वे समिति से नियमित रूप से खाद-बीज और केसीसी (कृषि ऋण) के तहत लेन-देन करते हैं। हाल ही में जब वे अपनी वास्तविक बकाया राशि जमा करने समिति पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि उनके नाम पर 25 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक का कर्ज दर्ज है। यह सुनकर किसान हैरान रह गए, क्योंकि उन्होंने इतनी मात्रा में खाद लिया ही नहीं है। समिति में मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा किसानों को जानकारी दी गई कि ऑनलाइन रिकॉर्ड में यही राशि दर्ज है। किसानों का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनके नाम पर खाद की परमिट काटी गई है, जिससे पूरे मामले में फर्जीवाड़े की आशंका गहराती जा रही है।इस मामले में आदूराम साहू (94,750 रु.), दीपक साहू (38,547 रु.), संतराम साहू (33,750 रु.), शत्रुघ्न साहू (33,750 रु.) और मूलचंद साहू (49,263 रु.) सहित कई किसान प्रभावित हैं। किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और किसानों से केवल उतनी ही राशि वसूली जाए, जितनी उन्होंने वास्तविक रूप से खाद लिया है। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में आदूराम साहू, दीपक साहू, संतराम साहू, शत्रुघ्न साहू, मूलचंद साहू, परगन साहू, बिसाहू साहू, हुकुमचंद, नोहर साहू, परदेसी साहू, जीतलाल साहू, मधु साहू, जीवराखन, धूरु कुमार, धनसिंह साहू, भुनेश्वर वैष्णव, दीपा, देवेंद्र, शंकर किशोर, आशा साहू, पार्वती वर्मा सहित अन्य किसान शामिल रहे।
Loading...

