खैरागढ़। महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए मैदान में रही है जबकि भाजपा सिर्फ भ्रम और दिखावे की राजनीति करती है. जिलाध्यक्ष आरती महोबिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला आरक्षण की बात की जाती है लेकिन इसका श्रेय विपक्ष को भी दिया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण बिल कानून बनने के बाद भी इसे प्रभावी रूप से लागू क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिला आरक्षण के पक्ष में है तो लोकसभा की 543 सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू कर दिखाए। कांग्रेस ने मणिपुर की घटना का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार को घेरा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई अमानवीय घटनाओं के दौरान भाजपा की संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखी। साथ ही देश की महिला खिलाड़ियों के मुद्दे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय भी सरकार की चुप्पी महिलाओं के सम्मान पर प्रश्नचिह्न लगाती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों पर महिलाओं के साथ अपराध के गंभीर आरोप लगे उनके साथ राजनीतिक मंच साझा कर भाजपा महिला सम्मान की बात करती है जो पूरी तरह विरोधाभासी है। कांग्रेस ने अपने पक्ष को रखते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। पंचायती राज व्यवस्था में महिला आरक्षण इसका बड़ा उदाहरण है। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि आज भी कांग्रेस पार्टी महिलाओं को सबसे अधिक टिकट देने का काम कर रही है चाहे वह लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव। अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और वह सिर्फ झूठ व भ्रम की राजनीति कर रही है। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि विकास और काम के आधार पर वोट मांगकर देखे तब सच्चाई सामने आ जाएगी।
Loading...


