खैरागढ़।धनजय शिवारे - जिले में पशु तस्करों के खिलाफ केसीजी पुलिस की लगातार सख्त कार्रवाई जारी है. इसी कड़ी में थाना गातापार पुलिस और जिला पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर चंगुर्दा घाटी क्षेत्र से दो अंतर्राज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 4 मवेशी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल सहित कुल 1.04 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 25 मई 2026 को थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम चंगुर्दा स्थित घाटी इलाके में पुलिस टीम गश्त पर थी. इसी दौरान दो व्यक्ति 4 बैलों को क्रूरतापूर्वक लाठी-डंडों से मारते-पीटते हुए पैदल महाराष्ट्र की ओर ले जाते दिखाई दिए. संदेह होने पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राज कुमार देशमुख 48 वर्ष निवासी सावरीकला थाना लांजी जिला बालाघाट म.प्र.तथा वितेश बावनथडे 35 वर्ष निवासी मारूटोला थाना आमगांव जिला गोंदिया महाराष्ट्र बताया. जांच में सामने आया कि आरोपी मवेशियों को अवैध रूप से महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जा रहे थे. आरोपियों द्वारा पशुओं के साथ क्रूरता किए जाने पर पुलिस ने उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 35/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया.
Loading...

