खैरागढ़। जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है जहां चार दिनों से लापता एक ड्राइवर का सड़ा-गला शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रगरा निवासी 30 वर्षीय अवधराम निषाद के रूप में हुई है जो पेशे से ट्रैक्टर-लोडर चालक था. मिली जानकारी के अनुसार अवधराम 17 मार्च की शाम साल्हे खुर्द से अपने घर के लिए निकला था लेकिन रास्ते में ही लापता हो गया. परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर अगले दिन थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. इधर मंगलवार को बाजार अतरिया से धमधा मार्ग पर भोरमपुर खार स्थित एक खेत में उसका शव पड़ा मिला. शव पूरी तरह सड़ चुका था और आसपास तेज दुर्गंध फैल रही थी. बदबू महसूस होने पर ग्रामीणों ने डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जालबांधा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक शराब के नशे में था और सड़क हादसे का शिकार होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मृतक के पास से मोबाइल फोन और देसी शराब भी बरामद हुई है. वह पिछले 2–3 वर्षों से एक ठेकेदार के यहां वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Loading...

