खैरागढ़। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं तीन बार के पार्षद पुरषोत्तम वर्मा को ओबीसी विभाग का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पिछड़ा वर्ग समाज में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। करीब 26 वर्षों से सक्रिय राजनीति में जुड़े पुरषोत्तम वर्मा शुरू से ही कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित रहे हैं। संगठन के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभाने और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ के चलते पार्टी नेतृत्व ने उन पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह जिम्मेदारी उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान है। जिम्मेदारी मिलते ही श्री वर्मा ने जिलेभर में सक्रियता बढ़ा दी है। वे लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा, बकरकट्टा, ठेलकाडीह, गातापार सहित जिले के कई इलाकों में पहुंचकर संगठन विस्तार की रणनीति पर काम शुरू कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जिला मुख्यालय में ओबीसी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जा सकता है जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी। इसके साथ ही ओबीसी विभाग की जिला कार्यकारिणी और अन्य पदाधिकारियों की घोषणा भी जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुरषोत्तम वर्मा की पहचान एक ऐसे नेता के रूप में है जो हमेशा आम कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सक्रिय रहते हैं। यही वजह है कि उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और पिछड़ा वर्ग के लोग संगठन से जुड़ने के लिए आगे आ रहे हैं।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि श्री वर्मा की नियुक्ति से कांग्रेस को जिले में नया संगठनात्मक आधार मिलेगा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को मजबूती प्राप्त होगी।
Loading...

