रायपुर - सोन कुमार सिन्हा ! मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे एक ओर युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि व्यापम द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां जारी कर दी गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026, शिक्षक की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 तथा व्याख्याता की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को संभावित है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति से स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के साथ की गई तैयारी निश्चित रूप से सफलता दिलाती है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूरे मनोयोग से तैयारी करें और प्रदेश के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
Loading...


