खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 30 वर्षों से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरागढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 144/1992, धारा 379 भादवि के आरोपी अफसर अली पिता असरफ अली, निवासी रूवाबांधा सेक्टर-6 (रिसाली), भिलाई, जिला दुर्ग न्यायालय से जमानत मिलने के बाद से फरार था। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा स्थायी वारंट जारी किया गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए खैरागढ़ पुलिस लगातार प्रयासरत थी। संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही थी तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। सत्रह फरवरी को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लगभग तीन दशकों से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
Loading...

