खैरागढ़ ।कैलाश चतुर्वेदी - जिला पंचायत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रेम कुमार पटेल ने शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष प्रोजेक्ट के तहत नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए ग्राम पंचायत बिरूटोला में निर्माणाधीन आवासों का जायजा लिया। सीईओ श्री पटेल ने हितग्राही राजीम धुवे एवं समरीन बाई के छत स्तर तक पहुंचे आवास निर्माण का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रकाशचंद तारम, जिला समन्वयक पीएम आवास योजना-ग्रामीण राजेश साहू सहित तकनीकी अमला मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हितग्राहियों से शासन की योजनाओं से प्राप्त लाभों की जानकारी ली तथा उन्हें स्व-सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उनकी रुचि के अनुसार विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ने पर भी चर्चा की गई। इसके पश्चात ग्राम पंचायत समुदानी के आश्रित ग्राम नीजामडीह में ग्रामीणों समाज प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण की मांग रखी जिस पर तकनीकी सहायक को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नीजामडीह से समुदानी मार्ग स्वीकृत कराने की मांग भी सामने आई। सीईओ श्री पटेल ने ग्रामीण युवाओं को राजमिस्त्री, उन्नत कृषि एवं पशुपालन जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से बैंक ऋण लेकर छोटे व्यवसाय और कृषि कार्यों को बढ़ावा दिया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नीजामडीह से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक जल स्रोत (झिरिया) का भी अवलोकन किया। ग्रामीणों ने यहां ज्योति विसर्जन के लिए कुंड, सामुदायिक भवन एवं पानी-बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत समुदानी के सरपंच भारत यादव, चोभर के सरपंचपति गणेश धुवे, गेरूखदान के सरपंच बरन सिंह मरावी, कोसमर्रा के सरपंचपति हेमंत, बैगा समाज के जिला अध्यक्ष जीवन मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Loading...

