डोंगरगढ़।सोन कुमार सिन्हा - गौ सेवा सम्मान अभियान के तहत देशभर में चल रहे गौ संरक्षण आंदोलन के अंतर्गत डोंगरगढ़ में सोमवार को गौ सेवकों ने रैली निकालकर गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने और गौ रक्षा को सख्ती से लागू करने की मांग उठाई। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में गौप्रेमियों ने भाग लेते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एम. भार्गव को सौंपा। यह रैली मां बमलेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और गौ सेवकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। रैली के दौरान “गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दो” और “गौ रक्षा कानून सख्त करो” जैसे नारे गूंजते रहे।मीडिया से चर्चा के दौरान ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि गौ माता की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सरकार पर प्रभावी दबाव बनाने का आह्वान किया। वहीं शक्ति वाहिनी की श्रीमती ज्योति बड़वाइक ने कहा कि देश में गौ संरक्षण के लिए ठोस पहल की जरूरत है और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर आज गौ सेवक भीषण गर्मी में भी सड़कों पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एसडीएम एम. भार्गव (IAS) ने बताया कि राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही के लिए प्रेषित किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न समाजों के प्रमुख, गौप्रेमी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे, जिन्होंने एकजुट होकर गौ रक्षा के समर्थन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
Loading...

