राजनांदगांव - सोन कुमार सिन्हा - चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय ने अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्री मार्ग एवं विभिन्न सेवा पंडालों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेवा पंडालों में ठहरे पदयात्रियों से सीधी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा। साथ ही जरूरत अनुसार मार्ग में बैरिकेडिंग कराने के निर्देश भी दिए। अपर कलेक्टर ने पंडालों में उपलब्ध विश्राम, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के तैनात मेडिकल स्टॉफ एवं दवाइयों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। चैत्र नवरात्रि के दौरान अंजोरा से डोंगरगढ़ तक विभिन्न स्थानों पर सेवा पंडाल स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को निरंतर सेवाएं दी जा रही हैं। दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा कर माँ बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दुर्ग निवासी जितेन्द्र चंदेल ने बताया कि वे पिछले 10-12 वर्षों से अपने परिवार के साथ पदयात्रा कर माता के दर्शन करने आते हैं। उन्होंने सेवा पंडालों में मिल रही विश्राम, भोजन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि पैरों में छाले होने पर उन्हें तत्काल मलहम-पट्टी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। वहीं रायपुर के आदर्श कन्नौजे ने बताया कि वे हर वर्ष अपने साथियों के साथ यात्रा करते हैं और ग्राम पंचायत सुकुलदैहान में स्थापित सेवा पंडाल में यात्रियों के लिए बेहतर विश्राम, भोजन एवं उपचार की व्यवस्था की गई है।जिले में समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं ग्राम पंचायतों द्वारा भी सेवा पंडालों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक तिवारी, जनपद पंचायत राजनांदगांव के सीईओ मनीष साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सीईओ श्रीमती भगवती साहू सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Loading...

