खैरागढ़ | राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार दिनांक 10 मई 2025, शनिवार को पूरे देश में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला न्यायालय राजनांदगांव के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा व्यवहार न्यायालय, खैरागढ़ एवं राजस्व न्यायालयों में लंबित व प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का समाधान सौहार्दपूर्ण माहौल में किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर सत्र न्यायाधीश मोहनी कंवर द्वारा सतत बैठकें लेकर सभी संबंधित न्यायाधीश, अधिवक्ता एवं विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पक्ष व त्वरित निराकरण किया जा सके।
लोक अदालत में जिन प्रमुख मामलों का निराकरण होगा, उनमें सम्मिलित हैं— राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण धारा 138 परक्राम्य अधिनियम, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक रिकवरी प्रकरण, सिविल व निष्पादन प्रकरण, विद्युत एवं पारिवारिक विवाद साथ ही बैंक, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग व नगरपालिका परिषद से जुड़े प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को भी लोक अदालत के माध्यम से सुलझाया जाएगा। विधिवत पंजीयन उपरांत पक्षकारों को नोटिस जारी कर सुनवाई हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
इस विशेष दिन पर व्यवहार न्यायालय, खैरागढ़ परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां सिविल अस्पताल, खैरागढ़ के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा।
इस शिविर से पक्षकार, न्यायिक अधिकारी, बैंक, बीएसएनएल, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि, न्यायालयीन कर्मचारी एवं पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू सहित आमजन लाभान्वित होंगे।

